बोल बम के जयकारों संग अनूपपुर से रवाना हुई कांवड़ यात्रा @रिपोर्ट – सत्यम पांडेय
अमरकंटक से लाया जाएगा मां नर्मदा का पावन जल

अनूपपुर:-श्री बूढ़ी माई मढ़िया कांवड़ समिति की ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा का शुभारंभ आज बाबा महाकाल की दिव्य झांकी के साथ पुरानी बस्ती, अनूपपुर से हुआ। यात्रा के दौरान “बोल बम” के जयघोषों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और ऊर्जावान बना दिया।
इस पदयात्रा में शामिल श्रद्धालु अमरकंटक से मां नर्मदा का पावन जल लेकर जलेश्वर धाम में भगवान भोलेनाथ को अर्पित करेंगे। यह धार्मिक परंपरा समिति द्वारा लगातार सातवें वर्ष श्रद्धा और समर्पण के साथ निभाई जा रही है।
यात्रा आज शाम अनूपपुर से रवाना हुई है, और रात्रि विश्राम का आयोजन मिडवे ट्रीट में किया गया है। कल सुबह श्रद्धालु राजेन्द्रग्राम की ओर अगली कड़ी यात्रा के लिए प्रस्थान करेंगे।
यात्रा मार्ग में राम जानकी मंदिर, अमहाई केशरी नंदन महाराज के दर्शन तथा चंदास नदी जैसे पवित्र स्थल शामिल हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस यात्रा में भाग ले रहे हैं, जिनके लिए समिति द्वारा स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं आवास की समुचित व्यवस्था की गई है।
इस धार्मिक यात्रा को सफल बनाने में पुलिस प्रशासन का विशेष सहयोग मिला। यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु पुलिस बल यात्रा के साथ-साथ चल रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को पूर्ण सुरक्षा और मार्गदर्शन मिल रहा है।
श्रद्धा, ऊर्जा और भक्ति से ओतप्रोत यह यात्रा हर कदम पर भगवान भोलेनाथ के नाम के जयकारों से गूंज रही है।





