रक्षाबंधन पर जिला जेल अनुपपुर में खुली मुलाकात: बहनें अपने बंदी भाइयों को बांधेंगी राखी, मिठाई-फल ले जाने की अनुमति @रिपोर्ट- सत्यम पांडेय

अनुपपुर।
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जिला जेल अनुपपुर प्रशासन ने बंदियों से उनके परिजनों की विशेष मुलाकात की अनुमति दी है। इस संबंध में जेल अधीक्षक कार्यालय द्वारा आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार 9 अगस्त 2025 को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक बहनें अपने बंदी भाइयों से जेल में मिलकर राखी बांध सकेंगी।
मुलाकात के लिए आने वाली बहनों को राखी, मिठाई (250 ग्राम तक), कुमकुम, फल एवं प्रसाद जैसे सामग्री जेल कैंटीन से निर्धारित शुल्क अदा कर प्राप्त करने की छूट दी गई है। बाहरी सामग्री लाना पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।
जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुलाकात का समय और व्यवस्था जेल मैनुअल के अनुसार तय की गई है। सभी आगंतुकों को पहचान प्रमाण पत्र एवं अन्य औपचारिकताओं का पालन करना अनिवार्य होगा। सुरक्षा कारणों से मुलाकात सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जाएगी।
इस आदेश की प्रतिलिपि महानिदेशक जेल भोपाल समेत अन्य संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है। जिला जेल अनुपपुर में राखी पर्व पर परिजनों और बंदियों के बीच मिलने का यह विशेष अवसर हर वर्ष परंपरागत रूप से आयोजित किया जाता है।



