स्वतंत्रता दिवस पर जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने दी जिलेवासियों को शुभकामनाएं, युवाओं से राष्ट्रनिर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान @रिपोर्ट- सत्यम पांडेय

अनूपपुर। स्वतंत्रता दिवस के 79वें वर्षगांठ के अवसर पर अनूपपुर जिले के जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने जिलेवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें उन वीर सपूतों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को स्वतंत्र कराया।
हीरा सिंह श्याम ने कहा कि आज़ादी केवल एक उपहार नहीं, बल्कि करोड़ों देशवासियों के संघर्ष और त्याग का परिणाम है। इसलिए हमें न केवल इसका सम्मान करना चाहिए, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए इसे और मजबूत बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से जिले के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, “भारत युवाओं का देश है, और युवा शक्ति ही राष्ट्र की दिशा व दशा तय करती है। आप सभी का कर्तव्य है कि आप शिक्षा, सेवा और समर्पण के माध्यम से देश के विकास में योगदान दें।”
जिला अध्यक्ष ने यह भी कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि हमारी अस्मिता, एकता और अखंडता का प्रतीक है। “हम सबको चाहिए कि तिरंगे का मान-सम्मान केवल 15 अगस्त या 26 जनवरी को ही नहीं, बल्कि वर्षभर बनाए रखें।”
अंत में उन्होंने सभी जिलेवासियों से अपील की कि वे सामाजिक एकता, भाईचारे और देशभक्ति की भावना को बनाए रखें तथा अपने-अपने क्षेत्रों में विकास, स्वच्छता और जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।



