अनूपपुर में एक ही रात में 5 कारों के कांच तोड़ने वाला ट्रांसपोर्टर व शराब दुकान कर्मचारी पुलिस की गिरफ्त में

अनूपपुर।कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने 9-10 सितम्बर 2025 की दरम्यानी रात शंकर मंदिर-बस्ती रोड से लेकर अमरकंटक तिराहे तक खड़ी 5 कारों के कांच तोड़ने और चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों का पर्दाफाश किया है।
पुलिस अधीक्षक श्री मोती उर रहमान के निर्देशन में टीआई अरविन्द जैन के नेतृत्व में बनी टीम ने घटना के बाद इलाके के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी रौनक मिश्रा (23), निवासी अनूपपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वारदात में उसका साथी जयप्रकाश पटेल भी शामिल था, जो शहडोल जिले के ग्राम कल्लेह का रहने वाला है और अनूपपुर की सरकारी शराब दुकान में कर्मचारी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, अज्ञात लोगों ने मुकेश सर्राटी, मनीष द्विवेदी, मनमोहन तिवारी, संतोष पटेल और अशोक अग्रवाल की कारों के कांच तोड़कर नई स्टेपनी टायर और बैटरी जैसी वस्तुएं चोरी की थीं। इन घटनाओं पर अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए थे।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि रौनक मिश्रा ट्रांसपोर्टर है जबकि उसका साथी जयप्रकाश पटेल सरकारी शराब ठेके का कर्मचारी है। पुलिस दोनों से आगे की पूछताछ कर अन्य संभावित आरोपियों और सबूतों की तलाश कर रही है।



