महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी- श्रीमती शिवानी पंचोली

जिला चिकित्सालय के वन स्टॉप सेंटर (सखी) में आयोजित हुआ जन जागरूकता कार्यक्रम
अनूपपुर,आदर्श मिश्रा/जिला चिकित्सालय अनूपपुर के “वन‑स्टॉप सेंटर सखी” में आज महिला एवं बाल विकास विभाग ने महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों पर एक जन‑जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में पास्को अधिनियम 2012, घरेलू हिंसा अधिनियम 2005 तथा कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम 2013 के प्रमुख बिंदुओं पर प्रकाश डाला गया।
कलेक्टर हर्षल पंचोली की धर्मपत्नी श्रीमती शिवानी पंचोली ने इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया। उन्होंने कहा, “महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के शिकार होने पर तुरंत वन‑स्टॉप सेंटर या पुलिस से संपर्क करें।” उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनाने और उनके सामाजिक भूमिका को मजबूत करने के महत्व पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ एस सी राय, सिविल सर्जन डॉ एस आर परस्ते,स्वास्थ्य कर्मचारियों तथा महिलाओं एवं बालिकाओं ने भी भाग लिया। उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं को कानूनी सहायता, चिकित्सा सुविधा और मनोवैज्ञानिक समर्थन उपलब्ध कराने के लिए स्थापित सेवाओं की जानकारी दी।
मुख्य वक्ता श्रीमती शिवानी पंचोली ने अपने संदेश में कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में महिलाओं और बच्चों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना तथा उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बालिका जन्म के उत्सव के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम को सराहते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक सत्रों से महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे अपने अधिकारों के लिए आवाज़ उठाने में सक्षम होंगी।
इस अवसर पर महिला एंव बाल विकास विभाग की सहायक संचालक श्रीमती मंजूषा शर्मा ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला और बालिकाओं के लिए समय-समय पर जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है जिसमें उनके हित संवर्धन के लिए लागू कानून की जानकारी भी मुहैया कराई जाती है उन्होंने शासन की व्यवस्थाओं का लाभ उठाने की अपील बालिकाओ और महिलाओं से की।
जिला चिकित्सालय में वितरित किए गए गर्म कपड़े
कलेक्टर हर्षल पंचोली की धर्मपत्नी श्रीमती शिवानी पंचोली ने जिला चिकित्सालय शिशु वार्ड में पहुंचकर बालिका जन्म को उत्सव के रूप मे प्रोत्साहित करने हेतु नवजात बालिकाओ को गर्म कपड़े का वितरण किया।



