जैतहरी के सपूत अमित सिंह राठौर ने बढ़ाया नगर का मान — सीआरपीएफ सब-इंस्पेक्टर परीक्षा में प्राप्त की सफलता

अनूपपुर (संवाददाता – आदर्श मिश्रा): अनूपपुर जिले के प्रमुख नगर जैतहरी के युवा अमित सिंह राठौर ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर नगर का नाम रोशन किया है। वार्ड क्रमांक 15 निवासी श्री कमल दिन सिंह राठौर के सुपुत्र अमित सिंह राठौर ने वर्ष 2024 की सीआरपीएफ सब-इंस्पेक्टर (Sub-Inspector) परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। इस उत्कृष्ट उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जैतहरी नगर में हर्ष और गर्व का माहौल है।
अमित सिंह राठौर ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस सफलता से नगर के युवाओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार हुआ है। अमित की इस उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और निरंतर प्रयास किया जाए तो सफलता निश्चित है।
अमित की सफलता पर उनके परिजनों, मित्रों, शिक्षकों और नगरवासियों ने हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाइयाँ दी हैं। परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं नगर के वरिष्ठजनों ने भी अमित को भविष्य के लिए उज्ज्वल शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नगर के लोगों ने कहा कि अमित सिंह राठौर की यह उपलब्धि जैतहरी के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और आने वाली पीढ़ियों को यह संदेश देगी कि निरंतर प्रयास और समर्पण से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।



