पदयात्रा युवाओं में एकता का संदेश देगी : रामलाल रौतेल
यूनिटी मार्च को लेकर मेरा युवा भारत द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित की गई ।

अनूपपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा मेरा युवा भारत के माध्यम से शुरू की गई विकसित भारत पदयात्रा को लेकर 6 नवंबर 2025 को अनूपपुर में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त रामलाल रौतेल, कार्यक्रम के जिला संयोजक विनोद केवट, सहसंयोजक रवि राठौर, भूपेंद्र महरा, राजेश सिंह तथा मेरा युवा भारत के जिला समन्वयक आदित्य सिंह और मनीष सिंह उपस्थित रहे।
कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रामलाल रौतेल ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने जिस तरह बिखरे हुए भारत को एक सूत्र में पिरोया, उसी भावना को यह पदयात्रा आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं में एकता, देशभक्ति और कर्तव्यभावना को जगाने का माध्यम बनेगा। श्री रौतेल ने बताया कि “यह पदयात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं में राष्ट्र निर्माण की चेतना जगाने वाला एक जनआंदोलन है।” उन्होंने जिले के सभी युवाओं से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और इसे सफल बनाएं।



