Uncategorized

IGNTU में डिजिटल मीडिया व जनरेटिव एआई कार्यशाला सम्पन्न

कुलपति ने कहा—“नवाचार ही भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगा

अनूपपुर/सत्यम पांडे-इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (IGNTU) के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग (JMC) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला “डिजिटल मीडिया और जनरेटिव एआई” का सफल समापन 8 नवम्बर को हुआ। 6 नवम्बर से आरम्भ इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मीडिया जगत के जाने-माने विशेषज्ञ डॉ. पवन कौंडल ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया।

समापन समारोह में कुलपति प्रो. ब्योमकेश त्रिपाठी ने कहा कि डिजिटल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधुनिक पत्रकारिता के स्वरूप को तेजी से बदल रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से रचनात्मकता और दक्षता को अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि तकनीकी साक्षरता आज के मीडिया पेशेवरों की मूलभूत आवश्यकता बन चुकी है।

कुलपति ने विभाग को हर संभव संस्थागत सहयोग देने की घोषणा करते हुए बताया कि आगामी फरवरी तक विश्वविद्यालय में आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक प्रोडक्शन हाउस शुरू कर दिया जाएगा, जिससे छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी कार्यशालाएँ नियमित रूप से आयोजित की जानी चाहिए ताकि विद्यार्थी वैश्विक मीडिया की बदलती प्रवृत्तियों के साथ जुड़े रहें।

शोध एवं अकादमिक जिम्मेदारियों पर बात करते हुए प्रो. त्रिपाठी ने एआई उपकरणों के नैतिक उपयोग, मौलिक शोध तथा तथ्य-जांच की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।

मुख्य वक्ता डॉ. पवन कौंडल ने विभाग की पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि अमरकंटक जैसे दूरस्थ क्षेत्र में छात्रों का उत्साह और सहभागिता अत्यंत प्रभावित करने वाली रही। उन्होंने विभागीय शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की, जो विद्यार्थियों के लिए प्रेरक माहौल तैयार कर रहे हैं।

इस कार्यशाला के पाँच सत्रों में 85 से अधिक विद्यार्थियों और 13 शोधार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में प्रो. राघवेंद्र मिश्रा, डीन एवं विभागाध्यक्ष, तथा प्रो. मनीषा शर्मा की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।

समापन में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए प्रो. मिश्रा ने इसे “उत्कृष्ट शैक्षणिक पहल” बताया और कहा कि प्रौद्योगिकी का उपयोग सत्य और पारदर्शिता के लिए होना चाहिए, न कि भ्रम उत्पन्न करने के लिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!