कुल का लक्षण नहीं है” कहकर दी सफाई, लेकिन अनिल गुप्ता का बयान और उलझा विवाद
भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम जी ने जताई नाराज़गी

अनूपपुर।
जैतहरी नगर परिषद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता अनिल गुप्ता ने पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष एवं भाजपा जिला महिला मोर्चा महामंत्री पर अमर्यादित टिप्पणी कर राजनीतिक गलियारों में भूचाल ला दिया। 28 अगस्त 2025 को हुए इस कार्यक्रम में गुप्ता ने मंच से महिला पर “कुलक्ष्णी” जैसे शब्दों का प्रयोग किया, जो अब ऑडियो-वीडियो क्लिप्स के साथ सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अनिल गुप्ता का यह रवैया किसी से छिपा नहीं है। पहले भी विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहे गुप्ता इस बार अपनी ही पार्टी की महिला पदाधिकारी पर निशाना साधते नजर आए। सवाल यह है कि जिस व्यक्ति की खुद की मर्यादा और प्रतिष्ठा कई बार वायरल वीडियो और माफीनामों के जरिए नीलाम हो चुकी हो, वह दूसरों की इज्जत और आचरण पर कैसे उंगली उठा सकता है?
पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री ने इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि “हमारी पार्टी की विचारधारा नारी सम्मान को सर्वोपरि मानती है। लेकिन जब पार्टी का ही वरिष्ठ नेता मंच से महिलाओं को अपमानित करे तो यह न केवल व्यक्तिगत तौर पर आहत करता है, बल्कि संगठन की छवि पर भी गहरा धक्का है।”
विवाद बढ़ने के बाद अनिल गुप्ता ने सफाई दी कि उन्होंने “कुल का लक्षण नहीं है” के भाव से यह शब्द कहा था। लेकिन राजनीतिक हलकों में यह दलील किसी भी तरह स्वीकार्य नहीं हो पा रही है।
मामला तूल पकड़ने के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम सामने आए। उन्होंने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी सदैव महिलाओं का सम्मान करती है। यदि वरिष्ठ नेता अनिल गुप्ता ने किसी महिला के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया है तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारी पार्टी की संस्कृति ऐसी नहीं है कि किसी के मान-सम्मान को ठेस पहुंचे। हम इस बयान को लेकर पूरी तरह संवेदनशील हैं और प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।”



