आदिवासी युवक की हत्या पर आक्रोश, भाजयुमो नेता जय गणेश दीक्षित ने परिजनों के साथ दिया धरना, हाईवे 4 घंटे रहा जाम

अनूपपुर। जिले के जमुड़ी गांव में आदिवासी युवक की हत्या से आक्रोश फैल गया। मामले में भाजयुमो के पूर्व मंडल अध्यक्ष जय गणेश दीक्षित पीड़ित परिवार के साथ देर रात तक धरने पर बैठे रहे। परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक का शव बीच सड़क पर रखकर अनूपपुर-अमरकंटक मार्ग पर चक्का जाम कर दिया, जिससे करीब 4 घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
ग्राम पंचायत जमुड़ी निवासी 21 वर्षीय विकास सिंह पिता लेखन सिंह 27 अगस्त को दोस्तों के साथ भगवान का विसर्जन करने गया था। देर रात घर लौटते समय वह लापता हो गया। अगली सुबह ग्रामीणों को उसका शव सकरा नहर तालाब में मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम हेतु भेजा।
परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक की हत्या की गई है और पुलिस जांच से वे संतुष्ट नहीं हैं। इसी को लेकर जय गणेश दीक्षित ने कठोर कार्रवाई की मांग की और आदिवासी परिवार को न्याय दिलाने की बात कही।
धरने और विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, एसडीओपी सुमित केरकेट्टा ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और परिजनों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया गया है।
जय गणेश दीक्षित ने कहा कि “एक आदिवासी युवक की हत्या हुई है, पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। मैं पीड़ित परिवार के साथ खड़ा हूं और उन्हें जल्द से जल्द न्याय दिलाने की मांग करता हूं।”



